Header Ads

.

बोरों की कमी से धान खरीद ठप

मनोज कुमार उपाध्याय
न्यूज़ 24 इंडिया अंबेडकर नगर

*बोरों की कमी से धान खरीद ठप*
महरुआ (अंबेडकरनगर)। काफी जद्दोजहद के बाद महरुआ क्रय केंद्र पर शुरू हुई धान की खरीद फिर बोरों के अभाव में ठप हो गई है। इससे क्रय केंद्र पर धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर खड़े किसान परेशान हैं। किसानों ने कड़ी नाराजगी जताई है। किसानों ने अविलंब बोरों की उपलब्धता सुनिश्चित कराते हुए खरीद शुरू कराने की मांग की है। कहा कि महज दो दिन ही खरीद होने के बाद बोरों के अभाव में तौल ठप पड़ गई। इससे किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।शासन के निर्देश पर जिले में एक नवंबर से धान की खरीद शुरू हुई है, परंतु अधिकांश क्रय केंद्रों पर निर्धारित तिथि से खरीद नहीं शुरू हो सकी। महरुआ क्रय केंद्र पर भी गत दिवस धान की खरीद शुरू हुई। कुछ दिन की खरीद में ही महरुआ क्रय केंद्र पर बोरों का संकट खड़ा हो गया है। इससे रविवार दोपहर से ही धान की खरीद ठप पड़ गई है। क्रय केंद्र पर मौजूदा समय में 35 से अधिक ट्रॉलियां धान लदी खड़ी हैं। परंतु बोरों के अभाव में तौल नहीं हो पा रही है। किसानों ने धान खरीद को लेकर बरती जा रही लापरवाही को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की है।किसान झूरी सिंह समेत अन्य किसानों का कहना है कि वह तीन दिन से समिति पर धान बिक्री के लिए ट्रॉली लेकर पहुंचे हैं। तौल नहीं हो पा रही है। ठंड के मौसम में किसानों को यहीं धान की रखवाली के लिए सोना पड़ता है। इससे काफी मुश्किल हो रही है। कहा कि अभी शुरुआत में ही बोरे का अभाव है, तो आगे और भी समस्याएं सामने आएंगी। प्रशासन को क्रय केंद्रों पर समुचित व्यवस्था करने की जरूरत है। उधर, सचिव संदीप दुबे ने बताया कि क्रय केंद्र को एक हजार बोरे मिले थे। बोरे दो दिन की ही तौल में खत्म हो गए। अधिकारियों को सूचना दी गई है। बोरा मिलते ही खरीद शुरू कर दी जाएगी।

No comments