Header Ads

.

*नो इंट्री में घुसा ट्रक, एक घंटे तक लगा रहा भीषण जाम*

*नो इंट्री में घुसा ट्रक, एक घंटे तक लगा रहा भीषण जाम*

अंबेडकरनगर: जिला मुख्यालय पर जाम की समस्या लाइलाज हो गई है। सोमवार सुबह क‌र्फ्यू हटते ही जुड़वा शहर अकबरपुर-शहजादपुर में सड़कों पर हालात बेकाबू हो गए। एक घंटे तक लगे जाम में भीषण गर्मी के चलते इसमें फंसे लोग कराह उठे। रिक्शा चालक से लेकर साइकिल, मोटरसाइकिल सवार, मैजिक, बस में बैठे यात्री पसीने से तरबतर दिखे। दोपहिया वाहन चालकों ने शहजादपुर कस्बे की गलियों का रुख किया तो उनके पीछे ई-रिक्शा वाले भी हो लिए। यातायात सुचारु कराने को पुलिसकर्मी पसीना बहाते नजर आए, लेकिन वाहनों के आड़े-तिरछे फंसे होने से इसमें घंटों लग गए। जाम का प्रमुख कारण शहजादपुर सड़क के चौड़ीकरण के लिए दोनों पटरियों पर की गई खुदाई के बाद छोड़ दिए गए गड्ढे हैं। नो इंट्री में ट्रक के घुसने से भी यह समस्या विकराल हो रही है।
खोदी गई सड़क परेशानी का सबब : चौड़ीकरण के लिए खोदी गई सड़क नागरिकों के लिए नासूर बन गई है। खोदाई के दौरान मिट्टी मार्ग पर बिखेर देने से दिनभर धूल का गुबार उड़ता रहता है, इससे राहगीरों के साथ स्थानीय दुकानदारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जबकि कदम दर कदम गड्ढों में फंसकर वाहन जाम का कारण बनते हैं। हालांकि रविवार से सड़क निर्माण शुरू हो गया है। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन सड़क के बीचों बीच खुदाई से निकलती धूल पर पानी न डालने से राहगीरों के अलावा स्थानीय लोगों का बुरा हाल है।
शहजादपुर सड़क का चौड़ीकरण चल रहा है। इसके चलते मार्ग संकरा हो गया है। सोमवार को दो दिवसीय साप्ताहिक क‌र्फ्यू समाप्त होते ही वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लग गया था। जल्द ही यातायात सुचारु करा दिया गया।
शिव दीपक सिंह, प्रभारी यातायात निरीक्षक
नोइंट्री में रोके वाहन, टीएसआइ पर अभद्रता का आरोप
अंबेडकरनगर: यातायात उप निरीक्षक पर वाहनों को रोकने तथा अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप संचालक ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है। एसपी ने सीओ को जांच करने का निर्देश दिया है। वहीं यातायात उप निरीक्षक ने इसे नोइंट्री में वाहनों को दाखिल होने से रोकने का मामला बताया है।
बसखारी मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप पर वाहन ईंधन लेने आते हैं। इसमें भारी वाहन भी शामिल होते हैं। ऐसे में बसखारी मार्ग पर हाईवे के पास से नो-इंट्री लगाकर भारी वाहनों को यहां से अंदर आने से रोक दिया जाता है। वहीं, पेट्रोल पंप पर भारी वाहन ईंधन लेने नोइंट्री में भी आते हैं। इसके लिए विभाग से मौखिक अनुमति भी लेने का दावा है। हालांकि पाबंदियों के बीच भारी वाहनों को अंदर आने से यातायात उप निरीक्षक ने रोक दिया। इसके बाद विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि यातायात उप निरीक्षक यहां आकर अभद्रता करने लगे। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने इसकी लिखित शिकायत मांगी है। उन्होंने सीओ सिटी को जांच करने के लिए निर्देशित किया है। यातायात उप निरीक्षक शिव दीपक सिंह ने बताया कि नोइंट्री में भारी वाहनों को आने से रोका है। भविष्य में उच्चाधिकारियों से मिले निर्देश का पालन किया जाएगा।

No comments