Header Ads

.

*कृषि कानून के विरोध में आयोजित भारत बंद के बीच मंगलवार को जिले में भारत बंद का रहा मिलाजुला असर, प्रदर्शन के बीच हुआ हंगामा, 300 गिरफ्तार*

*कृषि कानून के विरोध में आयोजित भारत बंद के बीच मंगलवार को जिले में भारत बंद का रहा मिलाजुला असर, प्रदर्शन के बीच हुआ हंगामा, 300 गिरफ्तार*

अंबेडकरनगर। कृषि कानून के विरोध में आयोजित भारत बंद के बीच मंगलवार को जिले में जगह-जगह प्रदर्शन व हंगामे का दौर चला। कहीं मार्ग जाम किया गया तो कहीं रैली निकालने की कोशिश हुई। सपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा कई जगह किसान भी सड़क पर उतरे और कृषि कानून को काला कानून बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। आम आदमी पार्टी, सरदार सेना, जन अधिकार पार्टी व भाकियू ने भी भारत बंद का समर्थन करते हुए जगह-जगह प्रदर्शन किया। इन सबके बावजूद भारत बंद का जिले में मिला-जुला असर देखने को मिला। समूचे जिले में 300 प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी पुलिस ने की, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
कृषि कानून के विरोध में किसानों के भारत बंद के चलते मंगलवार को जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह होते ही प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया। हालांकि, किसी प्रकार की अनहोनी रोकने के लिए पूरे जिले में पुलिस टीम सक्रिय नजर आई। समाजवादी पार्टी के नेताओं को खासतौर पर उनके घरों पर ही नजरबंद किया गया, लेकिन कई जगह सपा नेता नजरबंदी तोड़कर प्रदर्शन करने बाहर निकले।
सपाइयों ने जिला मुख्यालय पर कई जगह मार्ग जाम व प्रदर्शन किया। पुलिस ने नजरबंदी तोड़कर बाहर निकलने व मार्ग जाम करने की कोशिश आदि के चलते पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा, पूर्व सांसद त्रिभुवनदत्त समेत कई नेताओं को जिला मुख्यालय पर हिरासत में ले लिया। इन सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामकुमार पाल, वरिष्ठ नेता रेहान जैदी, अमित जायसवाल, अमित वर्मा उर्फ जितेंद्र, विशाल वर्मा, गुलाम रसूल छोटू आदि के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से निकलकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने इसे रोका। न मानने पर सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। अकबरपुर कोतवाल अमित कुमार सिंह ने बताया कि 87 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार विधायक सुभाष राय के साथ ही जिला उपाध्यक्ष डॉ. अभिषेक सिंह व वरिष्ठ सपा नेता राजिरात यादव समेत कई सपा कार्यकर्ताओं को नेवादा चौराहे के निकट से पुलिस ने हिरासत में लेकर नजरबंद कर दिया, जबकि पूर्व विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष आलोक सिंह यादव समेत अन्य सपाइयों को जलालपुर नगर के अन्य क्षेत्र से हिरासत में ले लिया। भाकियू, कांग्रेस व सपा कार्यकर्ताओं ने इससे पहले मंगलवार सुबह अलग अलग बाजारों में प्रदर्शन कर नए कृषि कानून का विरोध किया।
तहसील क्षेत्र में बंदी का मिलाजुला असर देखने को मिला। दोपहर बाद लगभग सभी दुकानें खुल गईं। मालीपुर पुलिस ने 23, जलालपुर पुलिस ने 17 तथा कटका पुलिस ने 17 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। टांडा प्रतिनिधि के अनुसार सपा कार्यकर्ताओं ने कई जगह प्रदर्शन की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। कटेहरी प्रतिनिधि के अनुसार पूर्व सपा विधायक जयशंकर पाण्डेय व अन्य सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने एहतियातन हिरासत में ले लिया। आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार सपा जिलाध्यक्ष रामशकल यादव व अन्य को पुलिस ने मंगलवार सुबह ही उनके आवास पर नजरबंद कर दिया।जिलाध्यक्ष रामशकल यादव ने कहा कि शासन के दबाव में पुलिस इस तरह की मनमानी कर रही है। उधर आंदोलन को आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, जन अधिकार पार्टी जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र मौर्य, बहुजन मुक्त पार्टी के जिलाध्यक्ष लालजी गौतम, भाकियू जिला प्रभारी चलाकूपाल, भाकियू अराजनैतिक जिलाध्यक्ष विनय कुमार वर्मा ने भी किसानों के भारत बंद का समर्थन किया। लोहिया से अखिलेश अभियान के संयोजक सिद्धार्थ मिश्र ने जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में ट्रैक्टर रैली निकालकर किसानों के भारत बंद का समर्थन किया। एएसपी अवनीश कुमार मिश्र ने 300 प्रदर्शनकारियों के गिरफ्तार करने की जानकारी देते हुए बताया कि इन सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
भारत बंद के दौरान प्रदर्शन करने में आम ग्रामीण व किसान भी मंगलवार को आगे आए। अकबरपुर आजमगढ़ मुख्य मार्ग को कुर्कीबाजार के पास किसानों ने जाम कर दिया। इसके बाद नए कृषि कानून का जमकर विरोध किया। बिना किसी झंडे के यहां एकत्र हुए किसानों ने कहा कि नए कृषि कानून से किसानों का व्यापक अहित होने वाला है। ऐसे में कानून वापस लेकर नए सिरे से निर्णय लिया जाए। इस मौके पर ग्राम प्रधान ज्ञानधर वर्मा, प्रवेश, जनार्दन, मानसिंह, सत्येंद्र, रामउजागिर चौधरी आदि मौजूद रहे। किसानों ने कटेहरी, सूरापुर, केदारनगर व जहांगीरगंज आदि क्षेत्रों में भी प्रदर्शन कर कृषि कानून का विरोध किया।
किसान कानून के विरोध में मंगलवार को भारत बंद पर किसी भी प्रकार के हंगामे व उपद्रव को रोकने के लिए पुलिस का कड़ा पहरा जगह जगह रहा। जिला मुख्यालय से लेकर जिले के अन्य क्षेत्रों में जगह जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जिला मुख्यालय पर एएसपी अवनीश कुमार मिश्र, सीओ कृष्णकांत शुक्ला व कोतवाल अमित कुमार सिंह लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। एसपी आलोक प्रियदर्शी लगातार संबंधित अधिकारियों से जरूरी फीडबैक लेते रहे। साथ ही जरूरी निर्देश भी देते रहे। इसके साथ ही जलालपुर, भीटी, टांडा व आलापुर तहसील में भी सभी एसडीएम, सीओ व थाना प्रभारी लगातार भ्रमण पर रहे। जिला मुख्यालय पर सुरक्षा के सबसे ज्यादा इंतजाम किए गए थे। सभी प्रमुख स्थानों, चौराहों व तिराहों पर भारी पुलिस बल तैनात था। ग्रामीण क्षेत्र की बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस का पहरा रहा।

No comments