Header Ads

.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की रिहाई की मांग को लेकर हुआ विरोध प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम दिया ज्ञापन


आगरा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने के लिए कांग्रेसियों ने अभियान की शुरुआत कर दी है। आगरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा तो वहीं मथुरा में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और जिला मुख्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को लेकर कुछ काँग्रेस नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की गई और मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।

बताते चलें कि राजस्थान से उत्तर प्रदेश सीमा में कांग्रेस ने बीते दिनों बसें भेजी थीं। इन बसों को उत्तर प्रदेश सीमा में प्रवेश नहीं दिया गया तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने समर्थकों संग आगरा के फतेहपुरी सीकरी में प्रदर्शन किया था। तब उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था लेकिन उन्हें जमानत मिल गई थी लेकिन फिर लखनऊ पुलिस दूसरे केस उन्हें अपने साथ ले गयी और कार्यवाही कर जेल भेज दिया।

बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष की रिहाई की मांग को लेकर आगरा शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने जिला मुख्यालय में अपर नगर मजिस्ट्रेट वीरेन्द्र मित्तल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया और अजय कुमार लल्लू व प्रदेश भर में कांग्रेसियों पर लगाए गए मुकदमों की वापसी की मांग की गई।

आगरा शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र चिल्लू ने कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी सरकार की नाकामियों को छिपाने के लिए, प्रदेश के लाखों श्रमिकों को घर वापिस लाने में असफल रहने के कारण लॉकडाउन में कांग्रेस द्वारा जनता के बीच जाकर किए गए सेवा कार्यों से खिन्न होकर, राजनीतिक दुर्भावना के कारण कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को गिरफ्तार करके जेल में डाल दिया है और अब न्यायिक प्रक्रिया में भी रोड़ा अटकाया जा रहा है

वरिष्ठ कांग्रेसी विनोद बंसल का कहना है कि कांग्रेस ने सेवा भावना के लिए देश भर में लाखों पैदल चल रहे प्रदेश के मजदूरों, उनकी महिलाओं व बच्चों की घर वापसी हेतु 1000 बसें देने की पेशकश योगी सरकार से की थी, लेकिन योगी सरकार ने सिर्फ इस कारण कि इसका श्रेय कांग्रेस को न मिल जाए इस कार्य में रोड़ा अटका दिया।


प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई की मांग को लेकर मथुरा में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। भारी संख्या में कांग्रेसियों को आता देख कलक्ट्रेट का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया और पुलिस के साथ पीएसी तैनात कर दी गई। बाद में कुछ कांग्रेसियों को अंदर जाने की अनुमति दी गई, लेकिन ज्यादा कांग्रेसी कलक्ट्रेट परिसर में घुस गए। इसे लेकर डीएम सर्वज्ञराम मिश्रा से कांग्रेसियों की बहस भी हुई। इस दौरान जिलाध्यक्ष दीपक चौधरी, महानगर अध्यक्ष उमेश शर्मा, सहित 9 कांग्रेसियों को हिरासत में लिया गया और 151 के तहत मामला दर्ज किया गया। सभी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया और सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह के समक्ष पेश किए गए। मजिस्ट्रेट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में उन्हें जेल भेज दिया।

इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीपक चौधरी ने कहा के योगी सरकार मनमानी कर रही है। मोदी महामानव बनकर लॉकडाउन कर देते हैं और पूरा देश परेशान हो जाता है। हजारों लोगों को सड़कों पर पैदल चलकर अपने घरों तक जाना पड़ा। किसान परेशान हैं। जिलाध्यक्ष का यह भी कहना है कि 1000 बसें कांग्रेस के द्वारा लगाई गई थी ताकि पैदल चल रहे लोगों को उनके घर तक छोड़ा जाए लेकिन भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज करा दिया, एस्मा लगा दिया है। धारा 144 का आडंबर रच रहे हैं। हम लोग किसी भी चीज से डरने वाले नहीं हैं। आगे उग्र आंदोलन करेंगे।


*रिपोर्ट | भोवन सिंह ब्यूरो चीफ आगरा*

( *NEWS 24 INDIA न्यूज चैनल*)

No comments